मुख्य सामग्री पर जाएँ
खाटू धाम मंदसौर

फाल्गुन मेला

18 मार्च 2027

फाल्गुन मेला

फाल्गुन शुक्ल एकादशी, बाबा श्याम के शीश दान का पावन दिन और खाटू धाम का सबसे बड़ा मेला। वर्ष 2027 में मुख्य एकादशी गुरुवार, 18 मार्च को है।

फाल्गुन मेला

हर वर्ष फाल्गुन शुक्ल एकादशी (फरवरी/मार्च) को बाबा खाटू श्याम जी का सबसे बड़ा उत्सव मनाया जाता है। इसे बलिदान दिवस भी कहते हैं, क्योंकि इसी दिन बर्बरीक ने धर्म की विजय के लिए भगवान श्री कृष्ण को अपना शीश दान किया था। खाटू धाम (सीकर, राजस्थान) में यह मेला पहले अष्टमी से द्वादशी तक लगभग 5 दिन चलता था, भक्तों की बढ़ती संख्या देखते हुए अब यह 9–10 दिन तक चलता है। देश के कोने-कोने से लाखों भक्त परिवार सहित बाबा के दर्शन करने आते हैं।

2027 की तिथि

  • फाल्गुन शुक्ल एकादशी (आमलकी एकादशी): गुरुवार, 18 मार्च 2027 · मुख्य दिन
  • द्वादशी: शुक्रवार, 19 मार्च 2027

तिथि का समय स्थान के अनुसार थोड़ा बदलता है, स्थानीय पंचांग अवश्य देखें।

निशान यात्रा

इस मेले में निशान यात्रा का बहुत बड़ा महत्व है। यह एक पदयात्रा है, जिसमें भक्त हाथों में श्याम ध्वज (निशान) लेकर बाबा को अर्पित करने खाटू श्याम जी मंदिर तक पैदल जाते हैं। मुख्य यात्रा रींगस से खाटू श्याम जी तक लगभग 18 किमी की होती है, पर कई भक्त अपनी श्रद्धा से जयपुर, दिल्ली या अपने घर से ही यात्रा शुरू करते हैं। मान्यता है कि पैदल निशान यात्रा कर निशान चढ़ाने से बाबा शीघ्र प्रसन्न होकर मनोकामना पूरी करते हैं।

निशान की महिमा और स्वरूप

निशान बाबा श्याम के महाबलिदान, शीश दान, और उनकी विजय का प्रतीक है। निशान मुख्यतः केसरिया, नीले, सफ़ेद या लाल रंग का ध्वज होता है, जिस पर बाबा श्याम और श्री कृष्ण के जयकारे व चित्र होते हैं। कुछ निशानों पर नारियल और मोरपंख भी लगे होते हैं।

रथयात्रा

खाटू धाम में फाल्गुन एकादशी के दिन विधि-विधान से पूजन के बाद रथयात्रा निकलती है। रथ में श्री श्याम प्रभु की प्रतिमा नीले घोड़े पर विराजमान होती है। मान्यता है कि मेले में आए भक्तों की सुध लेने बाबा साल में एक बार स्वयं मंदिर से बाहर निकलकर रथ से नगर भ्रमण करते हैं। द्वादशी की शाम रथ को पुनः रथघर में विराजमान किया जाता है।

मंदसौर से दर्शन

जो भक्त खाटू नहीं जा पाते, वे मंदसौर के श्री खाटू श्याम मंदिर में बाबा के दर्शन कर सकते हैं। मंदिर के रोज़ के श्रृंगार दर्शन YouTube चैनल पर भी देखे जा सकते हैं। उत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी कार्यक्रम पेज पर दी जाती है।